Wednesday, March 7, 2012

जो करनी पड़े, वो नौकरी है


Surprise surprise :)

फोन के ग़र होता दिमाग
तो खुद ही कह देता वो
"ये भी कोई टाइम है नंबर घुमाने का?"
पर चूँकि ऐसा नहीं है
हम बेवक्त फोन उठाते हैं
बकरी से मिमियांते हैं
बित्ती भर ज़ुबां पे
मन ही मन
सैंकड़ों गालियाँ तौल जाते हैं
फिर "Of  Course , No Problem और Sure Anytime " का
रट्टा लगाते हैं

जगाया होता ग़र खुद की बीवी ने सोते से
उसकी फिर खैर न थी
त्योरियां चढ़ाई होती हमनें
फटकार लगाई
होती हमनें
पर चूँकि Boss की बीवी का फरमान है
कौन नींद, कौन नींद का चचाजान है
मिनटों में हम तैयार 
हैं
इस से पहले कोई दूसरा बजा लाये उनका हुक्म
हम 
मेमसाहब के तिलिस्मी ऐय्यार हैं

अपने बच्चों ने ग़र कहा होता
"बाबा ज़रा सैर करा दो"
तो डांट-डपट कर पढने बैठा दिया होता
पर चूँकि ये बच्चे किसी और के नही
माईबाप के ही हैं
सिर्फ उनके ही नहीं, हम और आप के भी हैं
"अंकल मुझे शौक है गाना गाने का"
बस इतना कहना ही काफी है
ये लीबिया और हम गद्दाफी हैं
जो उस शौक के बीच आएगा
नेस्ता-नाबूत हो जाएगा

अपनी बहन ने ढूँढा होता वर 
ग़र अपनी पसंद से 
हालत उसकी वो बनाई होती
शादी तो दूर, देखते हैं कैसे सगाई होती
पर चूँकि वो बहन किसी और नहीं
अफसर साब की हैं
उसकी शादी का ज़िम्मेदारी
पूरे महकमे के बाप की है
और देखो,
कैसा चालाक निकला मेरा शागिर्द प्यादा
एक निशाने से दो चिड़ियाँ गिराई है
लड़की तो पाई है पर साथ ही
अब वो पूरे दफ्तर का जमाई है


इसी आफिस से हमने
एक और नेमत भी पाई है
कहने को दोस्त हैं
पर वो दोस्त नहीं भाई हैं
बीवी-बच्चों ने भी भली निभाई है
चूँकि जानते हैं वो 
भी,
इसी में हम सब की भलाई है

ऐसी भयंकर पीड़ा का
बस एक ही निवारण है
आ जाता है बिना चूके हर महीने के आखिर में
वो इकलौता चेक ही कारण है
के सह लेते हैं नौकरी की निर्मम बेंत
हँस कर हम मियां बीवी बच्चों समेत 


मिमियाना =  bleat like a goat, बित्ती भर = tiny,  तौल = weigh, त्योरियां चढ़ाना = to frown, फटकार = scold,  फरमान = orders, तिलिस्मी ऐय्यार = magical wizard, नेस्ता-नाबूत = razed to the ground, शागिर्द = apprentice, प्यादा = chess pawn, नेमत = divine gift

Saturday, March 3, 2012

बात का बीज

ना सावन का मोर हूँ
ना मूषिक की जात
ना जग-जाहिर मैंने की
ना धरा गढ़ाई बात

कारण बात का बीज है
सींचे वो निर्दोष
बीज विषैला तेज कटु
मैं बस रहा था पोस

जड़ मिटटी की बैरी थी
डाल हवा को खाय
मैं तो बस पानी दिया
अपराधी मैं नाय

Tuesday, February 28, 2012

एक गलती

हमें रिश्तों को खींच-तान कर, ठोक-बजा कर परखने की इतनी आदत सी हो गयी है के हर मोड़ पर हम उन्हें कसौटी पर रख धरते हैं. हर ढलान पर उनकी पकड़ जांचते हैं. हर चढ़ाई पर हौंसले का सबूत मांगते हैं. भूल जाते हैं के कच्चे धागों में पिरोया नाज़ुक सा हार है यह, कुत्ते का पट्टा नहीं जो घडी घडी खींच कर पड़ताल करनी पड़े.

फिर जब हमारी ऐसी ही एक ग़लती से ये माला टूट जाती है तो या तो दोस्तों की टोली मुट्ठी भर ले जाती है या हमसे भी ज़हीन कोई अपना लेता है उसे. एक छोटी सी ग़लती कर के खो बैठते हैं हम अपना कीमती जेवर. कभी वापस न पाने के लिए.

 खींचो नहीं यूँ जोर से
माला जांचन वास्ते
जहाँ-तहां पर भटकते
होंगे बिखरे मोती रास्ते

पंथी मुट्ठी भर ले जाए
या चुग जाये हंस कुलीन
पल भर में लोप भये
मणके एक एक गीन


भूले से भी ना गिरे
ये जेवर अनमोल
कंगाल भिकारी सा बौराकर
भी मिले नहीं खैरात में
खींचो नहीं यूँ जोर से
माला जांचन वास्ते


बिनस गया तुझ से तेरा जो
संजो सके ना कोय
वो नाजुक, उस से भी नाजुक चाव
शब्द बाण प्रहार से
ऐसे तीखे घाव
संचा बचे फिर कुछ नहीं
ऐसे घातक अघात से

खींचो नहीं यूँ जोर से
माला जांचन वास्ते
जहाँ-तहां पर भटकते
होंगे बिखरे मोती रास्ते

Monday, July 18, 2011

सीवन

(the chadar is the government we choose hoping that it will some day save us when we need it to. the real test of it is to save us from the fury of our very own people)


लाल गुलाबी चकतों वाली पुरानी सी चादर 
बीच बीच में दोहरी सिलाई
के कहीं उधड न जाए सीवन
आधी रात में ही 
जब काला अँधेरा
घनघोर अँधेरा
आकर घेर लेगा चहुँ दिस से

एक एक टांका
हूंक भरा
बेहिचक चुभोता दमख़म से, हर तेज़ झोंके को
के कहीं उधड न जाए सीवन 
आधी रात में ही 
जब बर्फानी तूफ़ान 
छुरे सा नुकीला तूफ़ान 
आकर घेर लेगा चहुँ दिस से

चादर पे चादर जोड़ कसी
ऐंठ भरी डोरी का जोर 
परख हुए है सीवन की 
आधी रात में ही
बचा लिए जो हमको सब
अपनों के ही विष से 
जो,
आकर घेर लेगा चहुँ दिस से

सीवन = the stitches, चकतों = patches, दोहरी = double, चहुँ दिस = from all four sides, हूंक = grunt/groan, ऐंठ = twist, परख = test/judgement

Sunday, July 17, 2011

बिदाई

बड़े-बड़े जाँबाज़ों को
बच्चों सा बिलखते देखा है
बीच समुंदर की तह में 
अंगार सुलगते देखा है

हैवानों की दुनिया में
पीरों का मेला देखा है
अनहोनी का होना और
पत्थर का पिघलना देखा है

मुड़-मुड़ के बिछड़ना देखा है 
रुक-रुक के चलना देखा है
पलकों पे थमीं उन बूंदों का
बेबाक़ छलकना देखा है

रह-रह कर आनेवाली उन 
यादों का सताना देखा है
वीराने में बेबस से 
देखा है हमने उनको चुप
कहते थे कभी जो सीना तान 
'हमने तो ज़माना देखा है'


जाँबाज़ = daredevils, बिलखना = weep, तह = sea bed, अंगार = burning coal, सुलगना = smolder/ignite, हैवान = devil,  पीर = saint, बेबाक़ = unabashed/not ashamed, वीराना = ruins, बेबस = helpless

Saturday, February 12, 2011

फ़र्क

लांघते-फांदते उन्ही दीवारों को
बदहवास से हांफे जाते हैं,
जिन्हें खुद ही ने
ईंट दर ईंट
बतौर सरहद, हाल ही में चुनवाया था

हद्द बंदी की वो रोक-टोक
किया कई हमवतनों को जुदा जिसने,
वही लकीरें
आज घुटनों के बल
घिसट घिसट कर
रेंगते हुए मिटाने कि कोशिश क्यों?

बैठ गद्दी पे जो हुक्म हांके
आज बिखरे बिखरे से हैं
उन्ही उसूलों के मोती I
रौंद कर अपने ही कदमों तले
क्यों शर्मिंदा से फरार हुए जाते हों?

ये क्या तौर है
क्या तरीका है
कैसे हैं ये कायदे
जिन्हें जाँ देकर हम निभाएं
और
तुम धुंद समझ पार किये जाते हों

लांघते-फांदते = hopping and jumping across, बदहवास = out of breath, हांफे = panting, बतौर सरहद = as a legitimate boundary, हद्द बंदी = border line, हमवतनों = fellow countrymen, फरार = escape, धुंद = mist



Thursday, January 20, 2011

दिल का कहा

इधर काफ़ी दिनों से कुछ लिखा ही नहीं हिन्दी में. ऐसा नहीं के कुछ सूझा नहीं. पर हिन्दी मेरे दिल ही भाषा है. व्यवसाय और रोज़मर्रा की ज़रूरतों ने अंग्रेजी को इस कदर अनिवार्य बना दिया है के अधिकतम समय इस विदेशी भाषा के सहारे ही कटता है. यहाँ तक के आजकल मैंने सोचना भी अंग्रेज़ी में ही शुरू कर दिया है.

पर एक समय आता है जब सिर्फ और सिर्फ हिन्दी में स्वयं को व्यक्त करने का मन करता है. वो है संवेदना और अनुभूति का समय.
कुछ छू जाए दिल को, या फिर उसे चकनाचूर ही कर जाए तो आह बस इस एक ही भाषा में निकलती है.
उस पीड़ा का बोध इतना गहरा के उसके बोझ तले अंग-अंग एक मृत-देह का हिस्सा प्रतीत होता है.

कैसे कोई लिख सकता है प्राणहीन सन्नाट हाथों से. 
उंगलियाँ जो एक 'पहचान फीते' की बाट जोह रही हों, कलम किस कर उठाएंगी?
रोम-रोम निश्वास सुराखों में बसी ये भाषा आज उतनी ही निर्थक है जितना के ये निर्जीव शव.

जा रही हूँ उस संजीवनी की तलाश में जो फिर से सचेत कर सके इस दिल को और उसकी भाषा को 

Sunday, November 28, 2010

प्राण-पखेरू

"उस भयानक दैत्य के प्राण-पखेरू एक तोते में कैद थे", कहानियों में ऐसा पढ़ा था, जब मैं छोटी थी.

"प्राण-पखेरू" यह शब्द सुन कर ही मैं हंसने लगती और कहती, "वो फुर्र्र्रर्र्र्रर से उड़ गए"! कभी इस शब्द की उत्पत्ति या संवेदनशीलता को जानने का प्रयास ही नहीं किया. ध्यान में आता तो बस "फुर्र्र्रर्र्र्र", क्योंकि चिड़िया के बारे में ही तो बात हों रही थी. चिड़िया रुपी प्राणों की.

आज-कल मेरी बिल्ली की तबियत काफ़ी खराब है. पिछले ३ महीनों से वो जूझ रही है अपने भविष्य से.
उसकी आँखें धीरे-धीरे पथरीली और शरीर शिथिल पड़ते जाती हैं, दिन पर दिन.

पहले, रोज़ दौड़ी-दौड़ी आती थी दरवाज़े पर जब भी मेरे पति आफ़िस से वापस आते. स्वागत के लिए 'म्याऊ-म्याऊ' करते हुए एकदम तैनात. करीबन १०-११ किलो की बिल्ली, जो भी देखे यही कहता था "बाप रे कितनी मोटी है". आस-पड़ोस के पुलिसवाले तो यह तक पूछ बैठे थे "चीते का बच्चा तो नहीं पाल रखा आपने, इजाज़त नहीं है ऐसा करने की". हम हँस-हँस कर गर्व से लोट-पोट हुए जाते थे.

आज ३-४ किलो की भी नहीं रह गयी है मेरी 'जोजो'.
यही नाम दिया है हमनें प्यार से उसे. एक बच्चे सा पला है.

जानती हूँ, सबके समझ आनेवाली बात नहीं है यह. सिर्फ पशु-प्रेमी ही जानते हैं एक पालतू प्राणी का महत्त्व. कह दे कोई की बिल्लियाँ वफ़दार या स्नेही नहीं होतीं, लड़ ही पड़ेंगे मैं और मेरे पति उनसे.

अब जब मैं उसे देखती हूँ, मेरा मन करता है उसकी आँखों में झाँक कर बात करूं उस पंछी से, जिसका नाम है "प्राण-पखेरू" और रो-रो कर विनती करूं, के मत उड़ जाना.

 मेरे बचपन के हास-परिहास का प्रतिशोध, मूक जोजो से मत लेना.

अभी कुछ वक़्त और चुग लो, इस घर का दाना.


(नोट : 11:15 AM, 2nd December 2010, जोजो अब हमारे बीच नहीं है...उड़ गया पंछी)


शिकार पर निकली 'जोजो'

आराम फरमाती 'जोजो'

Friday, November 19, 2010

बंटवारा

बैठक की चटख लाल दीवार
और उसपर तस्वीरों की भूल-भुलैया,
सुनहरी धारियों वाली प्यालियाँ,
बरामदे का वो झूला
और धूप से सने पडदे,

जायज़ हक है तुम्हे,
हवाले तुम्हारे ही सब कुछ.
मेहनत की कमाई से,
सिक्कों में जो तौला है,
तुमने रुपयों से खरीदा है.

मैंने तो बस चुन-चुन कर,
दिलो-जाँ से सजाया था.
खाली पड़े मकां में,
एक घर ही तो बसाया था.

बैठक = living room,  चटख = bright, भूल-भुलैया = labyrinth, maze, सुनहरी धारियों वाली प्यालियाँ = gold rimmed cups, धूप से सने पडदे = curtains soaked in sunlight,  जायज़ हक = legal right, दिलो-जाँ = whole-heartedly, मकां = house 

Tuesday, November 9, 2010

चढ़ता पानी

उतरते पानी को देर नहीं लगती
दरारों-ढलान का साथ जो है,
वो तो चढ़ते पानी का नसीब है
हर मोड़ पे बरसों की मेहनत है.

शोरो-ग़ुल भी करता है
तो करता है उतरता पानी,
वो तो चढ़ते पानी का नसीब है
जो चुप सा चट्टानों को कलम करता है.

मशहूर है खूबसूरत कर
जब है उतरता पानी
वो तो चढ़ते पानी का नसीब है,
जो बदनाम है तबाही के लिए.

पर तुझे सलाम है, चढ़ते पानी..

के वक़्त की सीढियों को
जूझता हुआ बढ़ा है,
सूखे-प्यासे कुओं में
तू बेझिझक चढ़ा है. 

दरारों-ढलान = cracks & slopes, शोरो-ग़ुल = loud noise, कलम = behead, kill, जूझता = struggle, बेझिझक = uninterrupted, without fear or doubt